Moscow : रूस के रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को दावा किया कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने यूक्रेन के 389 ड्रोन मार गिराए। मंत्रालय ने बताया कि रूस के विभिन्न इलाकों और क्रीमिया पर रात के समय हमला हुआ। यूक्रेन के खिलाफ युद्ध शुरू होने के चार साल बाद यह सबसे बड़ा ड्रोन हमला बताया जा रहा है। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि रूस के 13 क्षेत्रों और क्रीमिया प्रायद्वीप के ऊपर इन हमलों को रोका गया। क्रीमिया पर रूस ने 2014 में कब्जा कर लिया था और इसे अपने में मिला लिया था। इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गैरकानूनी माना जाता है। यह हमला दिखाता है कि यूक्रेन ने अपने देश में ही लंबी दूरी तक मार करने वाले ड्रोन बनाने की क्षमता काफी बढ़ा ली है। इससे एक दिन पहले रूस ने यूक्रेन के नागरिक इलाकों को निशाना बनाया था। जिसमें 24 घंटे के भीतर करीब एक हजार ड्रोन और 34 मिसाइल दागी गईं। हमला आमतौर पर रात के वक्त होता है। लेकिन इस बार दिन में भी जारी रहा। यह युद्ध शुरू होने के बाद से सबसे बड़े हवाई हमलों में से एक था।
रूसी हमले में छह लोगों की मौत, 50 घायल
यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक, इन हमलों में छह लोगों की मौत हुई और करीब 50 लोग घायल हुए। मॉस्को के उत्तर में लेनिनग्राद क्षेत्र के गवर्नर अलेक्जेंडर द्रोजदेंको ने बताया कि वहा 56 ड्रोन मार गिराए गए।
यूक्रेन की सेना ने रात के समय रूस के बेलगोरोद क्षेत्र पर मिसाइल हमला भी किया। यह क्षेत्र यूक्रेन से सटा हुआ है। वहां के गवर्नर व्याचेस्लाव ग्लाडकोव के मुताबिक, इस हमले में उर्जा ढांचे को नुकसान पहुंचा और बिजली, पानी आदि की आपूर्ति बाधित हुई। रूस ने मंगलवार को यूक्रेन पर अलग-अलग प्रकार के 948 ड्रोन दागे थे।

