– दिल्ली-हरियाणा की सभी सीटों पर मतदान
– यूपी-बिहार और बंगाल की भी सीटें शामिल
– 1 जून को होगा आखिरी चरण का मतदान, 4 जून को नतीजे
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के छठे चरण में 25 मई को 8 राज्यों की 58 सीटों पर मतदान हो रहा है। इस चरण में दिल्ली और हरियाणा की सभी सीटों पर मतदान सम्पन्न हो जाएगा। मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होकर शाम 6 बजे तक चलेगा। वोटों की गिनती 4 जून को होगी।
भाजपा के लिए यह चरण अहम है, क्योंकि 2019 के लोकसभा चुनाव में इन 58 में से 40 सीट भाजपा ने जीती थी। तब कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला था। 2019 में लगातार दूसरी बार दिल्ली की सभी 7 सीट भाजपा को मिली थी।
छठे चरण में किन राज्यों में मतदान
बिहार (8 सीटें), हरियाणा (सभी 10 सीटें), जम्मू और कश्मीर (एक सीट), झारखंड (4 सीटें), दिल्ली (सभी 7 सीटें), ओडिशा (6 सीटें), उत्तर प्रदेश (14 सीटें) और पश्चिम बंगाल (8 सीटें) शामिल हैं।
उत्तर प्रदेश में इस चरण में कुल 162 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, फूलपुर, इलाहाबाद, अंबेडकरनगर, श्रावस्ती, डुमरियागंज, बस्ती, संत कबीर नगर, लालगंज, आजमगढ़, जौनपुर, मछलीशहर और भदोही पर वोटिंग होगी।
बिहार की आठ सीटों पर 86 प्रत्याशी मैदान में। ये सीट हैं – वाल्मीकिनगर, पश्चिमी चंपारण, पूर्व चंपारण, शिवहर, वैशाली, गोपालगंज, सिवान और महाराजगंज
हरियाणा में लोकसभा की कुल 10 सीट हैं – अंबाला, कुरुक्षेत्र, सिरसा, हिसार, करनाल, सोनीपत, रोहतक, भिवानी-महेंद्रगढ़, गुड़गांव और फरीदाबाद।
झारखंड की गिरिडीह, धनबाद, रांची और जमशेदपुर लोकसभा सीट पर इस चरण में मतदान हो रहा है। कुल 93 प्रत्याशी मैदान में हैं।
ओडिशा के संबलपुर, क्योंझार, ढेंकानाल, कटक, पुरी, भुवनेश्वर लोकसभा सीट पर मतदान जारी है। कुल 64 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं।
पश्चिम बंगाल की तामलुक, कांथी, घाटल, झाड़ग्राम, मेदिनीपुर, पुरुलिया, बंकुरा, बिशनुपुर लोकसभा क्षेत्रों में चुनाव है। कुल 79 प्रत्याशी मैदान में हैं।