नई दिल्ली: राहुल गांधी के ‘गद्दार’ वाले बयान ने देश की राजनीति में बड़ा विवाद खड़ा कर दिया है, जिस पर अब PDP नेता महबूबा मुफ्ती उनके समर्थन में उतर आई हैं. मुफ्ती ने कहा कि आज जो माहौल दिख रहा है, वह BJP की ही नफरत की राजनीति का नतीजा है.
क्या है पूरा विवाद
लोकसभा में नेता विपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली में एक सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह पर बड़ा हमला बोला. राहुल गांधी ने दोनों नेताओं को ‘गद्दार’ कहा और RSS पर भी निशाना साधा.
उन्होंने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी ने देश के आर्थिक सिस्टम को बेच दिया है और आने वाले समय में भारत एक बड़े आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है. राहुल गांधी ने कहा कि आर्थिक तूफान आने वाला है और सरकार आम लोगों को बचा नहीं पाएगी.
महबूबा मुफ्ती का राहुल को समर्थन
इसी बीच PDP नेता महबूबा मुफ्ती ने राहुल गांधी का बचाव करते हुए बीजेपी पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि 2014 के बाद से बीजेपी ने लोगों को ‘देशद्रोही’ और ‘गद्दार’ कहने की राजनीति शुरू की. मुफ्ती ने आरोप लगाया कि उस दौरान मुसलमानों को निशाना बनाया गया, उन्हें धमकियां दी गईं और उनके घरों पर बुलडोजर कार्रवाई हुई, लेकिन तब किसी ने आवाज नहीं उठाई.
महबूबा मुफ्ती ने कहा, ‘अब राहुल गांधी ने एक बयान दे दिया तो इतना हंगामा हो रहा है. असल में यह उसी राजनीति का नतीजा है जिसमें लोगों को ‘पाकिस्तान जाओ’ और अब ‘ईरान जाओ’ कहा जाता रहा है.”
‘BJP अब वही काट रही है जो बोया’
महबूबा मुफ्ती ने कहा कि BJP ने देश में जो ‘नफरत के बीज’ बोए थे, अब वही फल दे रहे हैं. उनके मुताबिक, आज का राजनीतिक माहौल उसी का परिणाम है और BJP अब अपनी ही बनाई हुई स्थिति का सामना कर रही है.

