मोगादिशु। मध्य सोमालिया में दो गुटों के बीच जमकर हिंसक झड़प हुई जिसमें कम से कम 55 लोग मारे गए और 155 अन्य घायल हो गए। स्थानीय निवासियों और चिकित्सा अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
सोमालिया की संघीय सरकार न केवल अलकायदा से जुड़े अल शबाब समूह द्वारा फैलाई जा रही हिंसा को रोकने के लिए संघर्ष कर रही है, बल्कि उसे अफ्रीका के इस देश में भूमि और जल पर नियंत्रण को लेकर कबीले-आधारित संघर्षों का भी सामना करना पड़ रहा है।
55 लोगों की मौत, स्थानीय लोगों में डर का माहौल
कबीले के बुजुर्ग और हेराले निवासी फराह नूर ने बताया कि दीर और मरिहान कबीले के बीच शनिवार को अबुदवाक और हेराले कस्बों में चरागाह भूमि और पानी के स्थानों को लेकर संघर्ष हुआ। इसमें 55 लोग मारे गए, जिसमें दोनों कबीले के लोग शामिल हैं। स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई और जंगल में आग की तरह हिंसा फैल गई।
निकटवर्ती शहरों के अस्पतालों के कर्मचारियों ने रॉयटर्स को पुष्टि की कि उन्होंने लड़ाई में घायल हुए 115 लोगों का इलाज किया है। निवासियों ने बताया कि मरने वालों को तुरंत दफना दिया गया। निवासियों ने कहा कि संघीय सरकार के सैनिकों के आने के बाद लड़ाई कम हो गई। युद्धविराम तो है, लेकिन माहौल अच्छा नहीं है।