Republic Day Parade: आज भारत अपना 76वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कर्तव्य पथ पर आयोजित राजकीय समारोह में भाग लेंगी। इस साल के गणतंत्र दिवस के समारोह में इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबिआंतो मुख्य अतिथि के रूप में भारत आए हुए हैं। आज, भारत की संस्कृति और सेना की ताकत का प्रजेंटेशन किया जाएगा। बता दें, हर साल की तरह प्रोग्राम का मुख्य आकर्षण ‘फ्लाई-पास्ट’ होगा, जिसमें भारतीय वायुसेना के विमानों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिलेगा। साथ ही देश की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर और एडवांस मिलिट्री क्षमताओं का एक अनूठा संगम प्रस्तुत किया जाएगा, जो देश की ताकत और अखंडता को रीप्रजेंट करेगा।
गणतंत्र दिवस पर पीएम नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को दी बधाई
गणतंत्र दिवस के मौके पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “आज हम अपने गौरवशाली गणतंत्र की 75वीं वर्षगांठ मना रहे हैं. इस अवसर पर हम उन सभी महान विभूतियों को नमन करते हैं, जिन्होंने हमारा संविधान बनाकर यह सुनिश्चित किया कि हमारी विकास यात्रा लोकतंत्र, गरिमा और एकता पर आधारित हो।” उन्होंने आगे कहा कि यह राष्ट्रीय उत्सव हमारे संविधान के मूल्यों को संरक्षित करने के साथ ही एक सशक्त और समृद्ध भारत बनाने की दिशा में हमारे प्रयासों को और मजबूत करे, यही कामना है।
भारतीय सेना ने देशवासियों को दी गणतंत्र दिवस की बधाई
भारतीय वायु सेना (IAF) ने सभी देशवासियों को 76वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी है। इंडियन आर्मी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “आइए हम देशभक्ति की भावना का सम्मान करें और अपने देश की उपलब्धियों का जश्न मनाएं। भारतीय वायुसेना आसमान की रक्षा करने और अटूट समर्पण और गर्व के साथ राष्ट्र की सेवा करने के अपने मिशन में दृढ़ है। शक्ति, वीरता और अटूट प्रतिबद्धता के साथ, हम आसमान की रक्षा करने और अपने गणतंत्र के आदर्शों को बनाए रखने की प्रतिज्ञा करते हैं।”
आज भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र: शिवराज सिंह चौहान
बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने देशवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी है। उन्होंने कहा, “आज भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है और पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश जनता की लगन और मेहनत के कारण सफलतापूर्वक आगे बढ़ रहा है।”
शिवराज ने आगे कहा, “जब संविधान बनाया गया था, तो इसके निर्माताओं की यह कल्पना थी कि 5 साल में एक बार चुनाव होंगे और लोकसभा और विधानसभा के चुनाव एक साथ होंगे लेकिन बाद में परिस्थितियां ऐसी बनीं कि चुनाव अलग-अलग होने लगे और आज स्थिति यह है कि देश में हर 6 महीने में चुनाव होते हैं और इसलिए अब जरूरत है कि देश में लोकसभा और विधानसभा के चुनाव एक साथ हों।”
संघ मुख्यालय में फहराया गया तिरंगा
नागपुर में संघ मुख्यालय में गणतंत्र दिवस के अवसर पर महानगर संघचालक राजेश लोया ने तिरंगा फहराया। वहीं संघ प्रमुख मोहन भागवत ने ठाणे के भिवंडी में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने फहराया तिरंगा
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, “मैं पूरे प्रदेश वासियों को 76वें गणतंत्र दिवस की बधाई देता हूं। आज ही के दिन 1950 में भारत ने अपना संविधान लागू करते हुए एक संप्रभु, संपन्न, लोकतांत्रिक, गणतंत्र भारत के रूप में अपनी नई यात्रा को प्रारंभ करने का निर्णय लिया था। एक लंबे संघर्ष के बाद 15 अगस्त 1947 को देश आजाद हुआ। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, सरदार वल्लभ भाई पटेल, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर, डॉ राजेंद्र प्रसाद जैसे अनेक स्वाधीनता सेनानियों ने देश की आजादी के लिए पूरी मजबूती से नेतृत्व प्रदान करते हुए ब्रिटिश हुकूमत को भारत को स्वाधीन करने के लिए बाध्य किया।”
गणतंत्र दिवस समारोह में 10 हजार विशिष्ट अतिथि होंगे शामिल
इस बार का गणतंत्र दिवस समारोह बेहद खास है। इस बार पूरे भारत से गणतंत्र दिवस समारोह में 10 हजार विशिष्ट अतिथि शामिल हो रहे हैं। इनमें पैरालंपिक खिलाड़ी, बेहतर प्रदर्शन करने वाले सरपंच, हथकरघा कारीगर, वन एवं वन्यजीव संरक्षण कार्यकर्ता शामिल हैं।
हमारा संविधान धर्म, जात, क्षेत्र, भाषा से परे हर भारतीय का सुरक्षा कवच है: राहुल गांधी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने देशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी है. उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “हमारे महान स्वतंत्रता सेनानियों के न्याय, स्वाधीनता, समानता और भाईचारे के मूल्यों पर आधारित हमारा संविधान भारतीय गणतंत्र का गौरव है, धर्म, जात, क्षेत्र, भाषा से परे हर भारतीय का सुरक्षा कवच है।” उन्होंने आगे कहा कि संविधान का सम्मान और रक्षा हम सभी का कर्तव्य है। जय हिंद, जय भारत, जय संविधान।
राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे PM मोदी
गणतंत्र दिवस की परेड से पहले, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इंडिया गेट स्थित राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
गणतंत्र दिवस की परेड सुबह 10.30 बजे शुरू होगी, जिसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सलामी लेंगी. इस नजारे को देखने के लिए करीब 10 हजार विशेष मेहमानों को बुलाया किया गया है। इस मौके पर देश भर से कुल 31 झांकियां आई हैं, जिनमें 16 राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों की और 15 केंद्रीय मंत्रालयों और संगठनों की शामिल हैं। ये झांकियां कर्तव्य पथ पर चलेंगी। झांकियों का विषय ‘स्वर्णिम भारत: विरासत और विकास’ है।