Women Protest Against Yunus Regime:बांग्लादेश में लगातार राजनीतिक उथलपुथल मची हुई है। अब देशभर की महिलाओं ने यूनुस सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। ढाका समेत देश के कई विश्वविद्यालय की महिला छात्राओं ने सड़कों पर उतर प्रदर्शन किया। दरअसल, कुछ दिनों पहले एक 8 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया था, जिसके बाद जगह-जगह प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। महिलाओं के प्रति हिंसा के खिलाफ यूनुस सरकार को घेरा जा रहा है। ढाका में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर मुखरता से अवाज उठाने वाली ढाका विश्वविद्यालय में महिला एवं लिंग अध्ययन विभाग की छात्रा जरीन रफीजा ने कहा कि हम चाहते हैं कि महिलाओं के खिलाफ दुष्कर्म और हिंसा पर तुरंत एक्शन हो। घटना के विरोध में बांग्लादेश में बड़ी संख्या में छात्राओं ने कक्षाओं और परीक्षाओं का बहिष्कार कर दिया है। सड़कों पर छात्राओं का प्रदर्शन जारी है।
मौत की सजा की हो रही मांग
बांग्लादेश के पश्चिमी मगुरा जिले में बीते दिनों 8 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया था। बच्ची अभी भी अस्पताल में गंभीर स्थिति में भर्ती हैं। इस मामले के प्रकाश में आते ही देशभर के लोगों में काफी गुस्सा देखने को मिल रहा है। खासतौर पर महिलाओं के द्वारा दोषी को जल्द से जल्द फांसी की सजा देने की मांग की जा रही है। इस मामले पर जरीन रफीना ने कहा कि हम आज यहां पूरे देश में हो रही हिंसा खासकर महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं। हम इस महीने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मना रहे हैं। मगर हमने यह भी देखा है कि महिलाओं के खिलाफ हिंसा लंबे समय से चली आ रही है। 5 अगस्त का मुद्दा अभी अहम नहीं है क्योंकि हमें हिंसा का विरोध करना है।