Jhunjhunu : राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के बाद अब केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने भी पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधा है। झुंझुनू में पत्रकारों से बातचीत करते हुए शेखावत ने कहा कि अब न केवल प्रदेश की जनता, बल्कि खुद कांग्रेस पार्टी भी अशोक गहलोत के राजनीतिक खेल को समझ चुकी है। इसलिए जब इस बार वे मुख्यमंत्री पद से हटे, तो पार्टी ने उन्हें किसी भी नई भूमिका में जगह नहीं दी।
शेखावत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक अनुशासित संगठन है, जहां ऐसे षड्यंत्र नहीं होते। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति को भाजपा पर थोपना गहलोत की आदत बन चुकी है। आरएसएस पर अशोक गहलोत की हालिया टिप्पणी को लेकर भी गजेंद्र सिंह शेखावत ने नाराजगी जताई और कहा कि गहलोत को इमरजेंसी का दौर याद करना चाहिए, जब लोकतंत्र का गला घोंटा गया था। उन्होंने कहा कि संघ पर निशाना साधना कांग्रेस की पुरानी आदत है लेकिन अब देश की जनता हर बात समझती है।