यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि ईरान युद्ध के दौरान यूक्रेनी सेना ने पश्चिम एशिया के कई देशों में ईरानी डिजाइन वाले शाहेद ड्रोन को मार गिराया। उन्होंने कहा, ये अभियान एक व्यापक रणनीति का हिस्सा है, जिसके तहत यूक्रेन अपने सहयोगी देशों को उन हथियारों से निपटने में मदद कर रहा है जिनका इस्तेमाल रूस उसके खिलाफ कर रहा है।यूक्रेनी राष्ट्रपति ने इन अभियानों की पहली बार सार्वजनिक रूप से पुष्टि की, जिसे शुक्रवार तक सार्वजनिक नहीं किया गया था। उन्होंने कहा, यूक्रेनी बलों ने देश में विकसित और युद्ध में परखे गए इंटरसेप्टर ड्रोन का उपयोग करते हुए विदेशों में सक्रिय अभियानों में भाग लिया। ये इंटरसेप्टर ड्रोन यूक्रेन में रूस द्वारा इस्तेमाल ईरान-निर्मित ड्रोन का मुकाबला करने में कारगर साबित हुए हैं।
यूक्रेन से हट सकता है पश्चिमी देशों का सैन्य समर्थन
यह खुलासा ऐसे समय में हुआ है जब इस बात की चिंता बनी हुई है कि पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के कारण यूक्रेन से पश्चिमी देशों का सैन्य समर्थन हट सकता है। हालांकि जेलेंस्की ने कहा, सहयोगी देश पैट्रियट मिसाइल प्रणालियों के लिए मिसाइलों की आपूर्ति जारी रखे हुए हैं। वह बोले, हाल ही में मिसाइलों का एक नया जत्था आ चुका है। लेकिन यह भी सच है कि यूक्रेन पर मौजूदा हालात का दबाव बढ़ेगा।उधर, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन में ऑर्थोडॉक्स ईस्टर के दौरान सप्ताहांत 32 घंटे के युद्धविराम की घोषणा की है। इससे पहले यूक्रेन के राष्ट्रपति बोलोदिमीर जेलेंस्की ने इस मौके पर शत्रुता रोकने का आह्वान किया था। क्रेमलिन द्वारा जारी पुतिन के आदेश में रूसी सेनाओं को शनिवार शाम चार बजे (स्थानीय समयानुसार) से रविवार शाम तक युद्धविराम का पालन करने का आदेश दिया गया है। उसने कहा, उम्मीद है कि यूक्रेन भी इसका अनुसरण करेगा।

