कोलकाता: पश्चिम बंगाल के मंत्री और बीजेपी नेता दिलीप घोष ने राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल को बंगाल के किसी दुकान में आकर चाय पीने की अपील की है। उन्होंने कपिल सिब्बल के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि वह पैसे के पीछे भागकर जिंदगी बर्बाद कर चुके हैं। अब टीएमसी के बचाव में आकर पाप कर रहे हैं। टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी पर हमले के बाद कपिल सिब्बल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बीजेपी पर हमला किया था। सिब्बल ने कहा था कि यही विकसित भारत है। मुझे इस देश में रहने पर शर्म आती है, जहां सत्ताधारी दल लोकतांत्रिक बुनियादों को नष्ट कर रहा है।
विपक्ष को कमजोर करने की साजिश- कपिल सिब्बल
रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कपिल सिब्बल ने कहा कि जब उन्होंने सोशल मीडिया पर देखा कि अभिषेक बनर्जी पर किस तरह हमला किया गया, तो वह हैरान रह गए। यह एक सोची-समझी साज़िश के तहत किया गया हमला था। उन्होंने आरोप लगाया कि जानबूझकर अभिषेक बनर्जी की सुरक्षा हटा ली गई। सिब्बल ने कहा कि यह सब बीजेपी के शासनकाल में हो रहा है। यह एक ‘विकसित भारत’ का नजारा दिखा रहा है। उन्होंने बनर्जी पर हुए हमले के खिलाफ लोकसभा में विशेषाधिकार प्रस्ताव लाने की मांग की ताकि जिम्मेदारों को कानून के कटघरे में खड़ा किया जा सके। सिब्बल ने आरोप लगाया कि विपक्ष को कमजोर करने और डराने-धमकाने की कोशिशें की जा रही हैं।
गिरिराज सिंह बोले, टीएमसी राज में पेड़ से लटकाया गया
कपिल सिब्बल के बयान पर बीजेपी की तरफ से जवाब दिया गया। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने पूछा कि क्या कपिल सिब्बल को टीएमसी सरकार के दौरान जनप्रतिनिधियों की हत्या और उन्हें पेड़ से लटकाना याद नहीं है। इससे पहले बंगाल के कैबिनेट मंत्री और वरिष्ठ नेता दिलीप घोष ने भी मोर्चा खोला। घोष ने कहा कि मैं कपिल सिब्बल से अपील करता हूं कि आप बंगाल में आइए और रास्ते के किनारे किसी दुकान में बैठकर कभी चाय पीजिए। देखिए, बंगाल का शासन क्या है और लोग कैसे स्वागत करते हैं। आप इन चोरों के पीछे मत खड़ा रहिए। अपना जिंदगी पैसा के पीछे बर्बाद कर दिए। इन लोगों को बचाव में गए हैं। क्यों यह पाप कर रहे हैं। आइए बंगाल, आपका मैं स्वागत करता हूं। जिंदगी में कभी चाय की दुकान में बैठे हैं। लोगों से मिले हैं या वैसे गांधी परिवार के पीछे घूमते-घूमते जिंदगी बिता दी है।

