Manmohan Singh Funeral: दिल्ली में शुक्रवार को कांग्रेस मुख्यालय पर कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक हुई। इसमें पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सीपीपी अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और अन्य कांग्रेस नेता शामिल हुए। यह बैठक दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि देने के लिए बुलाई गई थी।
बैठक में कांग्रेस नेताओं ने इस पर चर्चा की कि डॉ. मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार और स्मारक के लिए एक उपयुक्त स्थान मिलना चाहिए। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इस संबंध में केंद्र सरकार को पत्र लिखा। उन्होंने प्रधानमंत्री और गृहमंत्री से बात की और अंतिम संस्कार के लिए सम्मानजनक स्थान की अपील की। खड़गे ने यह भी कहा कि अंतिम संस्कार उस स्थान पर किया जाए, जहां भविष्य में उनका स्मारक भी बन सके।
अंतिम संस्कार की तैयारी
कांग्रेस महासचिव अविनाश पांडे ने बताया कि मल्लिकार्जुन खड़गे और मनमोहन सिंह का परिवार सरकार से इस मुद्दे पर बातचीत कर रहा है। डॉ. मनमोहन सिंह का गुरुवार रात 92वर्ष की आयु में निधन हो गया था। उनका अंतिम संस्कार शनिवार को सुबह 10-11बजे दिल्ली के शक्ति स्थल के पास किया जाएगा। उनकी बेटी अमेरिका से दिल्ली आ रही हैं।
राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
भारत में पूर्व प्रधानमंत्री के अंतिम संस्कार में विशेष राजकीय प्रोटोकॉल का पालन किया जाता है। इसका उद्देश्य उनके योगदान और पद की गरिमा का सम्मान करना है। अंतिम संस्कार से पहले डॉ. मनमोहन सिंह के पार्थिव शरीर को तिरंगे में लपेटा जाएगा। उन्हें 21 तोपों की सलामी दी जाएगी, जो सर्वोच्च राजकीय सम्मान का प्रतीक मानी जाती है।