Congress On Manipur Violence: पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में बीते साल से चल रहे जातीय संघर्ष को लेकर मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने मंगलवार, 31दिसंबर 2024को माफी मांगी। इस बीच, कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला करते हुए सवाल उठाया कि वे देश और विदेशों की यात्रा कर सकते हैं, लेकिन मणिपुर जाकर वहां के लोगों से माफी क्यों नहीं मांगते।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “मणिपुर के लोग प्रधानमंत्री की उपेक्षा से आहत हैं। वे लगातार देश और दुनिया की यात्रा कर रहे हैं, लेकिन 4मई 2023से अब तक मणिपुर का दौरा क्यों नहीं किया?”
‘प्रधानमंत्री मणिपुर क्यों नहीं गए?’
कांग्रेस ने प्रधानमंत्री की चुप्पी और मणिपुर न जाने पर कड़ी आलोचना की। पार्टी ने कहा, “मुख्यमंत्री 19महीने तक चुप रहे। इस संघर्ष में सैकड़ों लोगों की जान गई और हजारों लोग विस्थापित हुए। प्रधानमंत्री मणिपुर क्यों नहीं गए? उन्होंने मणिपुर की जिम्मेदारी गृह मंत्री को सौंप दी है। मुख्यमंत्री तो केवल कठपुतली हैं। मणिपुर में असली असफलता प्रधानमंत्री की है। लोग पूछ रहे हैं कि उन्हें नजरअंदाज क्यों किया जा रहा है।”कांग्रेस ने यह भी कहा कि राहत कैंप लगाना सरकार का कर्तव्य है, न कि कोई एहसान।
मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने की शांति की अपील
मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में मणिपुर में हुए जातीय संघर्ष के लिए माफी मांगी। उन्होंने सभी समुदायों से शांति और एकजुटता बनाए रखने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा, “पिछला साल हमारे लिए बहुत मुश्किल भरा रहा है। 3मई 2023से अब तक जो कुछ हुआ, उसका मुझे गहरा खेद है। मैं मणिपुर के लोगों से माफी मांगता हूं। इस संघर्ष में कई लोगों ने अपने प्रियजनों और घरों को खोया। अब हमें आगे बढ़ना होगा।”
मुख्यमंत्री ने आगे कहा, “पिछले कुछ महीनों में शांति की दिशा में हुई प्रगति हमें उम्मीद देती है। हमें अपनी पुरानी गलतियों को पीछे छोड़कर एक शांतिपूर्ण और समृद्ध मणिपुर के लिए काम करना होगा। नए साल में हमें एक नई शुरुआत करनी चाहिए।”