Russia-Ukraine War Causes Death: रूस-यूक्रेन जंग में एक भारतीय नागरिक की मौत के बाद विदेश मंत्रालय एक्शन में आ गया है। वह शख्स केरल का रहने वाला था और जंग में रूसी सेना की ओर से मोर्चे पर डटा था। उसके साथ उसके कुछ रिश्तेदार भी थे, जिन्हें कुछ चोटें आई हैं। विदेश मंत्रालय ने रूस से कहा है कि रूसी सेना में काम कर रहे बाकी नागरिकों को भी जल्द से जल्द कार्यमुक्त किया जाए।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि हमें केरल के एक भारतीय नागरिक की दुर्भाग्यपूर्ण मौत के बारे में जानकारी मिली है। जो जाहिर तौर पर रूसी सेना में सेवा देने के लिए भर्ती हुआ था। केरल का एक अन्य भारतीय नागरिक भी घायल हो गया है और उसका मास्को के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि हम मृतकों के परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना जाहिर करते हैं।हमने रूस अधिकारियों के साथ बैठकें की हैं और कहा है कि रूसी सेना के लिए काम कर रहे भारतीयों के जल्द से जल्द कार्यमुक्त किया जाए।
विदेश मंत्रालय ने रूसी दूसावास से संपर्क किया
विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारतीय नागरिक का शव भारत लाए जाने की कोशिश की जा रही है। मंत्रालय ने कहा कि मॉस्को स्थित हमारा दूतावास उनके परिवारों से संपर्क साध रहा है और हर संभव सहायता दी जा रही है। हम भारत में पार्थिव शरीर को शीघ्र लाने के लिए रूसी प्राधिकारियों के साथ बात कर रहे हैं। हमने घायल व्यक्ति को छुट्टी देने और उसे भारत वापस भेजने की भी मांग की है। मॉस्को में रूसी अधिकारियों के साथ-साथ नई दिल्ली में रूसी दूतावास के साथ इस मामले को मजबूत तरीके से रखा गया है।
मारे गए शख्स के बारे अब तक क्या है मालूम?
मृतक की पहचान बिनिल टी बी के तौर पर हुई है। वह 32 वर्ष के थे और केरल के त्रिशूर जिले के वडक्कंचेरी के रहने वाले थे। वहीं घायल की पहचान जैन टी के (27 बरस) के तौर पर हुई है। कुछ दिन पहले, बिनिल के परिवार को एक मैसेज आया था कि दोनों शख्स पर एक ड्रोन के हमले में घायल हो गए हैं लेकिन वे उनसे संपर्क साध पा रहे हैं।