Ayodhya Ram Temple: राम मंदिर निर्माण समिति की बैठक के दूसरे दिन शुक्रवार को नृपेंद्र मिश्र ने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य संतोषजनक गति से चल रहा है। हालांकि मजदूरों की संख्या बढ़ी है। लेकिन फिर भी अभी कुछ हद तक मजदूरों की कमी है।
नृपेंद्र मिश्र ने आगे बताया कि समिति की पहली प्राथमिकता राम मंदिर का निर्माण पूरा करना है। यह कार्य 15 मार्च तक पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके अलावा, परकोटे का तीन चौथाई हिस्सा भी मार्च तक तैयार करने की योजना है। उनका कहना है कि इस समय निर्माण कार्य की सभी गतिविधियां निर्धारित समयसीमा के अनुसार चल रही हैं।
राम मंदिर का शिखर
नृपेंद्र मिश्र ने आगे बताया कि लोअर प्लिंथ में 500 फीट लंबाई में आर्ट वर्क पूरा हो गया है। पत्थरों पर रामकथा के प्रसंग उकेरे जा रहे हैं। कोशिश है कि उसे जनवरी तक ट्रस्ट को हैंडओवर कर दिया जाए। बता दें, राम मंदिर का शिखर 10 फीट तक शीर्ष पर सोने से उकेरे होंगे। जो इसे और भी भव्य और आकर्षक बनाएगा।
बताया जा रहा है कि इस कार्य के पूरा होने के बाद, राम मंदिर का रूप और भी भव्य और दिव्य होगा। जो देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक प्रमुख तीर्थ स्थल बनेगा। यानी राम मंदिर निर्माण कार्य की समीक्षा के दौरान यह स्पष्ट हो गया कि निर्माण कार्य तेज़ी से चल रहा है। वहीं, निर्धारित समयसीमा के अनुसार सभी प्रमुख कार्य पूरे किए जाएंगे।
इसके अलावा मिश्र ने तीर्थयात्री सुविधा केंद्र, फायर स्टेशन और वॉटर प्लांट जैसी परियोजनाओं की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं का काम तेज़ी से चल रहा है।