Bihar Cabinet Expansion: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सूबे में राजनीतिक माहौल गर्म है। बुधवार को नीतीश मंत्रिमंडल का विस्तार हुआ। भाजपा के 7 विधायकों को मंत्री बनाया गया। वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने मंत्री पद से इस्तीफा दिया। ये मंत्रिमंडल विस्तार आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए किया गया। इसमें जातीय और क्षेत्रीय समीकरण को भी ध्यान रखा गया। गुरुवार को सभी नवनियुक्त मंत्रियों को उनका पोर्टफोलियो दे दिया गया है। अब इस मंत्रिमंडल विस्तार पर राजद हमलावर हो गई है। लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने एक कार्टून शेयर करके मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तंज कसा है।
रोहिणी ने कसा तंज!
लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सीएम नीतीश कुमार का कार्टून शेयर किया है, जिसमें वो नुकीली कुर्सी पर बैठे नजर आ रहे हैं। इसके साथ ही रोहिणी ने लिखा, “नीतीश कुमार जी की कैबिनेट ( सरकार ) पर विखंडनकारी भाजपा का कब्ज़ा। कैबिनेट विस्तार में अपनी पार्टी के एक भी मंत्री को शपथ नहीं दिला सके नीतीश कुमार। भाजपा का फरमान मानने को लाचार-बेबस-निरीह, महज मुखौटा नीतीश कुमार, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी फिर भी कैबिनेट विस्तार पर मुहर लगा रहा भाजपा आलाकमान!!”
मांझी के बेटे को झटका
मंत्रिमंडल विस्तार के बाद पोर्टफोलियो में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। भाजपा विधायक नितिन नवीन से नगर विकास मंत्रालय लेकर नवनियुक्त मंत्री जीवेश मिश्रा को दे दिया गया है। नवीन को अब पथ निर्माण विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। पथ निर्माण विभाग की जिम्मेदारी विजय सिन्हा के पास थी। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के बेटे संतोष सुमन से दो विभाग वापस ले लिया गया है। उनके पास तीन विभाग थे, जिसमें से सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) और आपदा प्रबंधन विभाग वापस ले लिया गया है। मंटू सिंह को सूचना प्रौद्योगिकी और विजय मंडल को आपदा प्रबंधन की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, विजय सिन्हा को कृषि विभाग दिया गया है।
मंत्रियों के नाम व विभाग
सम्राट चौधरी- वित्त एवं वाणिज्य कर विभाग
विजय कुमार सिन्हा- खान एवं भू तत्व विभाग
प्रेम कुमार- सहकारिता विभाग
रेणु देवी- पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग
मंगल पांडे- स्वास्थ्य विभाग और विधि विभाग
नीरज कुमार सिंह बबलू- लोक स्वास्थ्य एवं अभियंत्रण विभाग
नीतीश मिश्रा- उद्योग विभाग
नितिन नवीन- पथ निर्माण विभाग
जनक राम- अनुसूचित जाति एवं जनजाति विभाग
हरि साहनी- पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग
कृष्ण नंदन पासवान- गन्ना उद्योग विभाग
केदार गुप्ता- पंचायती राज विभाग
सुरेंद्र मेहता- खेल विभाग
संतोष सिंह- श्रम संसाधन विभाग
संजय सरावगी- राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग
डॉ. सुनील कुमार- पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग
राजू कुमार सिंह- पर्यटन विभाग
मोतीलाल प्रसाद- कला संस्कृति एवं युवा विभाग
जीवेश कुमार- नगर विकास एवं आवास विभाग
विजय मंडल- आपदा प्रबंधन विभाग
मंटू सिंह- सूचना प्रा वैधिकी विभाग
संतोष सुमन- लघु जल संसाधन विभाग