Recruitment In Bihar Police Constable: बिहार में इस साल के अंत का विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में बड़ी संख्या में राज्य सरकार के द्वारा नौकरी निकाली जाएगी। बजट के दौरान वित्त मंत्री व डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा था कि वो अगले 8 महीनों में करीब 50 लाख रोजगार देंगे। इसमें अधिकत्तर रोजगार सरकारी क्षेत्र में दिए जाएंगे। इस बीच बिहार पुलिस में जाने के इच्छुक अभियार्थियों के लिए सुनहरा मौका है। केंद्रीय चयन पर्षद ने सिपाही भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दी है। 19,838 पदों पर सिपाही भर्ती के लिए 18 मार्च से आवेदन प्रक्रिया शुरु होगी। अभ्यर्थी 18 अप्रैल तक इन पदों पर आवेदन कर सकते हैं। बिहार सरकार ने महिलाओं के लिए 6 हजार 717 पद आरक्षित किया है। आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को शारीरिक, मानसिक और शैक्षिक योग्यताओं को सिद्ध करना होगा।
आरक्षण का प्रवाधान
सिपाही भर्ती में अलग-अलग वर्गों के लिए आरक्षण का भी प्रावधान किया गया है। गैर आरक्षित वर्ग के लिए 7935 पद, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 1983 पद आरक्षित किया गया है। वहीं, अनुसूचित जाति के लिए 3174 पद, अनुसूचित जनजाति के लिए 199 पद, अत्यंत पिछड़ा वर्ग के लिए 3572 पद, पिछड़ा वर्ग के लिए 2381 पद पर आरक्षण का प्रावधान किया गया है। 53 पदों पर ट्रांसजेंडर समाज को भी आरक्षण दिया गया है, जिसे पिछड़ा वर्ग में ही जोड़ा गया है। इसके अलावा पिछड़ वर्ग से आने वाली महिलाओं को 595 पदों पर आरक्षण दिया जाएगा।
महिलाओं के लिए विशेष आरक्षण
गौरतलब है कि नीतीश सरकार में महिलाओं को अच्छा खासा आरक्षण दिया जाता रहा है। यही कारण है कि भारत में सबसे अधिक महिला सिपाही बिहार में हैं। इस सिपाही भर्ती में भी महिलाओं के लिए अलग से सीटों को चिन्हित किया गया है। महिलाओं को 6717 पदों को आरक्षित रखा गया है। इसके अलावा स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों के लिए 397 पद आरक्षित हैं।
शिक्षकों की बहाली भी होगी
हाल ही में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 51 हजार BPSC शिक्षकों को नियुक्ति पत्र दिया था। अब फिर 13 हजार से अधिक शिक्षकों की भर्ती की तैयारी में बिहार सरकार लगी हुई है। माना जा रहा है कि जल्द ही इन भर्तियों को लेकर नोटिफिकेशन जारी किया जा सकता है। बिहार के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि विभाग की ओर से दिव्यांग और अनुकंपा शिक्षकों के पदों पर 13700 टीचर की नियुक्ति की जाएगी।