Ranji Match Mumbai Vs Jammu Kashmir: बॉर्डर गवास्कर ट्रॉफी में करारी हार और खराब प्रदर्शन के कारण कप्तान रोहित शर्मा को खूब आलोचना झेलनी पड़ी थी। इसके बाद BCCI टीम इंडिया के खिलाड़ियों को लेकर काफी सख्त नजर आ रही है। BCCI ने सभी खिलाड़ियों को घरेलू मैच खेलने का सख्त निर्देश दिया था। यही कारण है कि मुंबई और जम्मू कश्मीर के बीच चल रहे रणजी ट्रॉफी के मुकाबले में गुरुवार को करीब एक दशक बाद रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल और श्रेयस अय्यर जैसे बड़े बल्लेबाज मैदान पर उतरे। हालांकि, रोहित शर्मा (3) और यशस्वी जायसवाल (4) सस्ते में पवेलियन लौट गए। हालांकि, खबर लिखे जाने तक श्रेयस अय्यर 11 रन बनाकर मैदान पर टिके हुए हैं। बता दें, गुरुवार को मुंबई और जम्मू कश्मीर के बीच रणजी ट्रॉफी का मैच शुरु हुआ। इस मुकाबले में कई बड़े चेहरे लंबे समय के बाद खेलते नजर आएंगे।
रोहित शर्मा की फॉर्म हो गई है गायब
गौरतलब है कि पिछले कई मुकाबलों में रोहित शर्मा का बल्ला नहीं चला है। न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शर्मनाक हार के बाद रोहित शर्मा की जमकर आलोचना हुई थी। रोहित शर्मा ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान तीन टेस्ट मैचों के 5 पारी में मात्र 31 रन ही बना पाए थे। न्यूजीलैंड के खिलाफ भी रोहित शर्मा का बल्ला खामोश रहा है। हालांकि, रणजी ट्रॉफी में रोहित का यह पहला और अंतिम मैच था। क्योंकि 6 फरवरी से इंग्लैंड और भारत के बीच होने वाले मुकाबले में वो कप्तान की भूमिका में दिखेंगे। इसके बाद अगले महीने में रोहित चैंपियंस ट्रॉफी के दुबई रवाना होंगे।
एक दशक बाद खेलने उतरे रणजी
ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद BCCI ने भारतीय खिलाड़ियों पर नकेल कसने की पूरी तैयारी कर ली। BCCI ने सभी खिलाड़ियों के कई नियम बनाए, जिसका पालन सभी को करना होगा। इसी के तहत रोहित शर्मा साल 2015 के बाह फिर रणजी ट्रॉफी खेलने उतरे। शर्मा आखिरी बार साल 2015 में वानखेड़े स्टेडियम में यूपी के खिलाफ हुए रणजी मैच में दिखे थे। उस मैच में रोहित में शानदार 113 रनों की पारी खेली थी। बता दें, रोहित शर्मा ने 128 फर्स्ट क्लास मैचों में 9290 रन बनाए हैं। साथ ही रोहित ने 34 विकेट भी झटके हैं।