लखनऊ। सूर्य उपासना के महापर्व छठ की पूरे देश में धूम है। 25 अक्टूबर के शुरू हुआ यह पर्व आज यानी 28 अक्टूबर को सूर्योदय पर सूर्य देव को अर्घ्य देने के साथ पूरा होगा। देशभर के घाटों पर कुछ ही देर में व्रती महिलाएं उगते सूर्य को अर्घ्य देंगी और इसके साथ ही 36 घंटे का कठिन निर्जला उपवास पूर्ण होगा।
आज छठ पर्व के अंतिम दिन गंगा, यमुना, कोसी, गंडक से लेकर यमुना तट तक छठ घाटों पर अपार भीड़ उमड़ी हुई है। पटना, दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और रांची जैसे महानगरों में भी छठ पूजा की भव्य तैयारियां देखने को मिलीं। छठ महापर्व का यह अंतिम दिन उषा अर्घ्य के नाम से जाना जाता है। व्रती महिलाएं सुबह सूरज की पहली किरण को अर्घ्य देकर अपने परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और समाज की मंगलकामना करती हैं।

